जिला सैनिक कल्याण बोर्ड ने स्कूल प्रबंधकों से जल्द राशि चुकाने को कहा
साल 2024 को टोकन झंडों की बांटी खेप की लंबित है धनराशि
सैनिक कल्याण बोर्ड ने उपायुक्त के ध्यान में भी लाया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले के करीब 75 स्कूलों ने 2024-25 के शैक्षणिक सत्र में सशस्त्र सेना दिवस पर वितरित टोकन झंडा राशि को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में जमा नहीं करवाया है। इस राशि को लेकर सैनिक कल्याण कार्यालय ऊना के उपनिदेशक की ओर से दोबारा स्कूलों के नाम पत्र लिखा है। इसमें कहा गया कि कई बार आग्रह के बावजूद टोकन झंडा राशि जमा नहीं करवाई जा रही। सैनिक कल्याण की ओर से यह मामला उपायुक्त ऊना के संज्ञान में भी लाया गया है।
जानकारी के अनुसार सशस्त्र सेवा दिवस पर स्कूलों में विद्यार्थियों को देशभक्ति का संदेश देने के लिए टोकन झंडे वितरित किए जाते हैं। जिनकी एवज में स्कूल के प्रधानाचार्य और मुख्य अध्यापक को 50 रुपये, अध्यापकों और नॉन टीचिंग स्टाफ को 30 रुपये व विद्यार्थियों को पांच रुपये जमा कराने होते हैं। इस राशि को सैनिकों व उनके परिवार के कल्याण में खर्च किया जाता है लेकिन कई स्कूलों ने इस राशि को जमा कराने में गंभीरता नहीं दिखाई। जिन स्कूलों ने यह राशि नहीं जमा करवाई, उनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंबेहड़ा, अंबोटा, बढेड़ा, बल्ह, बालीवाल, बेहड़ जस्वां, भदसाली, भलौण, चलोला, चराड़ा, चिंतपूर्णी, चुरड़ी, दलोह, ढक्की, धमांदरी, धुसाड़ा, दियाड़ा, गिंदपुर मलौन, गुगलैहड़, हरोली, ज्वार, कलरूही, कांगड़, क्यारियां, किन्नू, कुनेरन, कुरियाला, मवा सिंधियां, मुबारिकपुर, नंगल जरियाला, नंगड़ा, पंजावर, परोइयां, पोलियां परोहितां, पुबोवाल, रायपुर मैदान, रपोह मिसरां, रोड़ा, सलोह, संतोषगढ़, सासन, तलाई और ऊना शामिल हैं। वहीं, उच्च स्कूलों में बणे दी हट्टी, बनगढ़, भदौड़ी, भड़ोलियां कलां, भैरा भियांबी, बुढवार, छतरपुर, डंगोह, घरवासड़ा, हरोट, जसाणा, कोहडरा, कुठियाड़ी, लोअर अंदौरा, लोअर पालकवाह, मैड़ी, नंदपुर, पंजुआना, पनोह, समनाल, सूहीं और ठाकरां स्कूल शामिल हैं।
सभी स्कूलों को अध्यापक दिवस पर वितरित किए गए झंडों की राशि एकत्रित करने के लिए कहा गया है। सभी स्कूल समय रहते राशि को उपनिदेशक कार्यालय में जमा करवाएं। इस निर्देश को अति जरूरी समझा जाए।
अनिल कुमार, उपनिदेशक, जिला उच्च शिक्षा विभाग।