अमर उजाला ब्यूरो
गगरेट (ऊना)। शिव बाड़ी में शिव भोले के भक्त तड़के चार बजे ही भोले का आशीर्वाद के लिए मंदिर प्रांगण में उमड़ना शुरू हो गए थे। दो दुर्लभ संयोग बनने से इस बार की शिवरात्रि बेहद खास मानी जा रही है। इस शिवरात्रि को सर्वार्थ सिद्धि योग और सोमवार के दिन शिवरात्रि होने से बेहद दुर्लभ संयोग बना है। ये योग वर्षों बाद बनता है।
धरती के अंदर धंसी अद्भुत शिव पिंडी के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्त बड़ी संख्या में यहां पहुंचे। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर भोले के जयघोष से शिवबाड़ी परिसर गूंज उठा। शिवबाड़ी मंदिर के मुख्य पुजारियों अजय शर्मा और अश्वनी शर्मा ने कहा कि शिवरात्रि के लिए मंदिर में भक्तों के लिए पुख्ता प्रबंध किये गए थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने भी शांति बनाए रखने के लिए विशेष सहयोग दिया। शिवभक्तों ने कतार में लग कर बारी का इंतजार किया और भोले के जयकारे लगाए।
मंदिर पहुंचे शिव उपासकों धैर्य शर्मा, उदार शर्मा, तुषार, अतुल, विपुल ठाकुर, प्रणव, अपूर्व शर्मा, विशाल पुरी, विकास शर्मा, दिनेश शर्मा, पंकज, राजीव गर्ग, संजीव पराशर, विशांत बाली, राहुल, राजेश ने कहा कि वे शिव के दर्शन से धन्य हो गए।