अमर उजाला ब्यूरो
टाहलीवाल (ऊना)। हरोली हलके के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठार बीत में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर धूम मचाई। वैशाली और उसकी साथियों ने वंदे मातरम गाया। उसके बाद जलवा से भारत माता और देश भक्ति को लेकर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद खेड़ण दे दिन चार नी माए...पर पूरे पंडाल को भावुक कर दिया। विद्यार्थियों ने नशे पर भी कार्यक्रम पेश किया। बच्चों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
प्रधानाचार्य सोमनाथ भाटिया ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़कर और स्कूल की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। प्रधानाचार्य ने बताया कि बारहवीं का परिणाम भी 100 प्रतिशत रहा। समारोह में प्रो. राम कुमार ने कक्षाओं में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि विद्यार्थी वर्ग को नशे से दूर रहना चाहिए और पढ़-लिख कर अपने माता-पिता की सेवा करनी चाहिए। वहीं समारोह में विद्यार्थियों के साथ ही उनके परिजनों और स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर अध्यापकों में सोहन सिंह, नवदीप कुमार, जुगल किशोर, हरमेल सिंह, सुरेश कुमार, विनोद, रवि कुमार, सतीश कुमार, पंकज कुमार, कंचन, बिंदु बाला, पूनम, आरती, रूपेश कुमार, राजेश कुमार तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे।