जिले में शुष्क ठंड का बढ़ा प्रकोप
ठंडी हवाओं ने बढ़ाई दिक्कत
बारिश न होने से फसलें सूखने की कगार पर
सर्दी, खांसी, जुकाम की चपेट में लोग
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। जिले में अचानक शुष्क ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। बारिश न होने के कारण सर्दी और भी विकराल रूप धारण करती जा रही है। सुबह और शाम चल रही ठंडी हवाओं ने हर वर्ग की दिक्कतें बढ़ा दी है।
ठंड से सर्दी, खांसी, जुखाम, बुखार, गला खराब सहित कई प्रकार के रोग लोगों को चपेट में लेने लगे हैं। हालत ऐसी है कि इन दिनों अस्पतालों में उपचार को आने वाले लोगों में से लगभग 60 फीसदी लोग सर्दी जनित रोगों की चपेट में आने के कारण पहुंच रहे हैं। दिन भर चलने वाली ठंडी हवा भी अपने साथ बीमारियों को फैलाती दिखाई दे रही है। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने लोगों को ठंड से बचाव करने की हिदायत दी है। दिन में धूप खिलने के बावजूद लोग घरों में हीटर और ब्लोअर से ठंड का बचाव करते दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि आने वाले दिनों में पारे में गिरावट आएगी।
सीएमओ ऊना डॉ. रमन कुमार ने कहा है कि ऐसे मौसम में छोटे बच्चों को विशेष रूप से बचाएं। उन्होंने बताया कि ठंड की चपेट में आने से बच्चों को इन्फेक्शन जैसी घातक बीमारियां घेर सकती हैं। उन्होंने बताया कि शुष्क सर्दी सेहत के लिए अत्यंत हानिकारक है। इसलिए सर्द हवाओं से भी खुद को बचाकर रखें। यह हर वर्ग के लोगों के लिए घातक सिद्ध हो सकती है।