ग्रामीण डाक कर्मियों की हड़ताल खत्म
केंद्र सरकार ने मानीं ज्यादातर मांगें, लागू हुई रिपोर्ट, विभाग समीक्षा में जुटा
16 दिनों के बाद शुरू होगा ग्रामीण डाकघर में कामकाज
अमर उजाला ब्यूरो
मैहतपुर (ऊना)। पिछले 16 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे ग्रामीण डाक कर्मियों के लिए बुधवार का दिन खुशखबरी लेकर आया। केंद्रीय केबिनेट में ग्रामीण डाक कर्मियों के सातवें वेतन आयोग को लेकर गठित एक सदस्यीय कमलेशचंद्र कमेटी की रिपोर्ट को लागू करना मान लिया है। रिपोर्ट लागू होने पर 56 फीसदी से ज्यादा वृद्धि होगी। इससे केंद्र सरकार करीब 1257 करोड़ खर्च करने वाली है। बुुधवार को सुबह से ही देश भर के ग्रामीण डाक कर्मियों की टकटकी दिल्ली में होने वाली कैबिनेट की बैठक पर लगी थी। दोपहर बाद जैसे ही दिल्ली से खबर आई कि कैबिनेट ने कमलेशचंद्र कमेटी को मंजूरी दे दी तो बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। इस बीच विभाग के आला अफसरों ने कैबिनेट की रिपोर्ट में लागू बिंदुओं पर समीक्षा शुरू कर दी है। जानकारी मिली है कि कमलेशचंद्र कमेटी की ज्यादातर सिफारिशों को सरकार ने मान लिया है। अनुराग ठाकुर, वीरेंद्र कंवर का जताया आभार
ग्रामीण डाक कर्मियों के परिमंडल सचिव दाताराम चंदेल, ग्रुप तृतीय के परिमंडलीय सचिव एचएस गुलेरिया ने भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर, पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर डाक कर्मियों को दिए सहयोग के लिए आभार जताया। दाताराम चंदेल ने सभी कर्मियों को वीरवार से काम पर लौटने को कहा है।