जोल (ऊना)।
उपमंडल बंगाणा के तलमेहड़ा गांव में बीएसएनएल की इंटरनेट सुविधा न होने से ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इंटरनेट सेवा बंद होने से पीएनबी बैंक में लोगों को अपनी पासबुकों और अन्य कामकाज करवाने के लिए काफी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। बीएसएनएल के ऑफिस में पिछले 10 महीनों से लाइनमैन की जगह खाली पड़ी है। आज दिन तक इस खाली पद को भरा नहीं गया।
हालत यह है कि बीएसएनएल दफ्तर के बाहर ताला लटका हुआ है। बीडीसी सदस्य अशोक कुमार, उपप्रधान जीवन सिंह, पूर्व प्रधान सुखदेव सिंह, ओमप्रकाश, पवन डोगरा, बंटी शर्मा, सोम नाथ शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, अवतार चंद, विजय रायजादा, विनोद कुमार, अनिल कुमार ने कहा है कि जब वे अपनी पासबुकों में इंट्री करवाने जाते हैं तो जवाब मिलता है कि इंटरनेट सुविधा नहीं है।
बीएसएनएल एक्सईएन संजीव का कहना है कि यह मामला उनके ध्यान में है। तलमेहड़ा के पास रोड का काम चलने की वजह से रास्ते में लाइन टूटी है। एक या दो दिन में लाइन ठीक कर दी जाएगी। पीएनबी बैंक में इंटरनेट में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जल्दी ही मिनी लिंक बैंक में लगा दिया जाएगा और लोगों को परेशानी से निजात मिल जाएगी।