अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
शहर में सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ रोड सेफ्टी क्लब ने रणनीति तैयार कर ली है। सात दिनों के भीतर समस्या का हल न हुआ तो अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। वहीं नो पार्किंग जोन में बेतरतीब खड़े वाहनों को पुलिस लिफ्टिंग वैन से उठा ले जाएगी। शुक्रवार को रोड सेफ्टी क्लब ऊना की बैठक अध्यक्ष विजय डोगरा की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में कई विषयों पर चर्चा कर रणनीति बनाई गई।
बैठक में ऊना ट्रैफिक इंचार्ज रवि शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में शहर से अतिक्रमण हटाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान लोनिवि, नगर परिषद और नेशनल हाईवे के अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। विजय डोगरा ने कहा कि क्लब के गठन से लेकर अब सकारात्मक रवैये से शहर को अतिक्रमण मुक्त करने की मुहिम शुरू की थी। इसे लेकर समय-समय पर बैठकें भी की जाती रही हैं।
उन्होंने नगर परिषद, लोनिवि और एनएच को सात दिन का समय देते हुए कहा कि सड़क किनारे अतिक्रमण फैलाने वालों को तुरंत हटाने का आह्वान किया। उन्होंने सात दिनों के भीतर समस्या का हल न हुआ तो रोड सेफ्टी क्लब अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगी। डोगरा ने कहा कि नो पार्किंग जोन में बेतरतीब खड़े वाहनों को पुलिस की वाहन लिफ्टिंग वैन की ओर से उठाया जाएगा। सड़क किनारे खड़ी रेहड़ियां और दुकानदारों की ओर से दुकान से बाहर सामान रखकर बेचने पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पैदल चलने वाले राहगीरों के लिए साफ-सुधरा रास्ता उपलब्ध करवाना ही क्लब का उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि ऊना शहर में खड़े होने वाले ऑटो और रेहड़ियों के रजिस्ट्रेशन की जांच कर उपयुक्त स्थान तय किया जाए। विजय डोगरा ने कहा कि शहर में करीब 180 रेहड़ियों की रजिस्ट्रेशन हुई है। किसी ने रेहड़ियां लगाईं तो नगर परिषद उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग स्थान दे। वहीं बिना रजिस्ट्रेशन ऑटो चलाने वालों पर भी आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई करें। इस अवसर पर एसएन शुक्ला, टीआर मैनन, दीपक भारद्वाज, सतीश अत्री, गुरविंद्र सिंह, सुरेंद्र कुमार, केआर शर्मा, अवेश, करण सिंह, मदन मोहन सैणी, भूपेंद्र सिंह उपस्थित रहे।