ऊना में रोजगार मेले के दौरान युवाओं को स्वीकृति पत्र देते हुए विधायक विवेक शर्मा ।संवाद
ऊना। श्रम, रोजगार एवं ओवरसीज प्लेसमेंट विभाग तथा एचपीएसईडीसी के संयुक्त तत्वावधान में ऊना में रोजगार मेला आयोजित किया गया। इससे पूर्व 27 अक्तूबर को हरोली के पालकवाह में भारी वाहन चालकों के लिए भर्ती अभियान आयोजित किया गया था।
जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि इस रोजगार मेले में बाइक डिलीवरी राइडर और वेयरहाउस पिकर्स के कुल 100 पदों के लिए 150 से अधिक युवाओं ने भाग लिया।
चयन प्रक्रिया के बाद 29 बाइक डिलीवरी राइडर और 32 वेयरहाउस पिकर्स सहित कुल 61 युवाओं का चयन किया गया। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने जिला रोजगार कार्यालय ऊना में आयोजित विदेशी रोजगार मेला में मुख्यातिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को विदेशों में सुरक्षित, कानूनी और भरोसेमंद रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है।
सरकार स्वयं इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रही है ताकि युवाओं को किसी भी प्रकार की ठगी, धोखाधड़ी या असुरक्षा का सामना न करना पड़े। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि यह सरकार द्वारा अपनाया गया अब तक का सबसे सुरक्षित, कानूनी और पारदर्शी मॉडल है, जिससे युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप विदेशों में रोजगार मिलेगा।
इससे रोजगार कार्यालयों की कार्यप्रणाली में नवाचार आएगा और युवाओं को हर स्तर पर मार्गदर्शन एवं सहायता प्राप्त होगी। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।