ऊना। नंगल खुर्द कृषि सेवा सहकारी सभा में 5 करोड़ 79 लाख 35,883 रुपये की गड़बड़ पाई गई है। इस बात का खुलासा सहकारी सभा के करवाए गए ऑडिट रिपोर्ट में हुआ है।
सीए की ओर से सौंपी गई ऑडिट रिपोर्ट में करोड़ों रुपये की गड़बड़ी नंगल खुर्द कृषि सेवा सहकारी सभा में पाई गई है। इसके चलते विभाग ने एक दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इसमें जिला ऑडिटर अधिकारी संदेश वाला और बदशाली के निरीक्षक उमेश कुमार को नियुक्त किया गया है और इस मामले से जुड़ी जानकारी एक महीने के भीतर पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले में कांगड़ा सहकारी बैंक टाहलीवाल की ओर से जारी किए प्रमाणपत्र में भी इस बात का खुलासा हुआ है। सीए से करवाए गए ऑडिट रिपोर्ट में करोड़ों रुपये के गड़बड़ का मामला उजागर होने के बाद सहकारी सभा कमेटी की ओर से सचिव को सस्पेंड कर दिया गया है और विभाग ने इस मसले में सहकारी सभाएं अधिनियम 1968 की धारा 69 (1) के तहत कार्रवाई करते हुए जिला निरीक्षक अधिकारी ऊना को जिम्मा सौंपा गया है और तमाम मसले की रिपोर्ट दो महीने के भीतर प्रेषित करने की निर्देश दिए गए हैं, ताकि सहकारी सभा में जो वित्तीय लेनदेन में इतनी गड़बड़ पाई गई है, उसकी वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
विभाग द्वारा वैधानिक कार्रवाई अधिनियम के तहत अमल में लाई गई है और वर्तमान में नंगल खुर्द कृषि सेवा सहकारी सभा के सचिव को सस्पेंड करने के बाद अतिरिक्त कार्यभार सेल्जमैन को सौंप दिया गया है। वहीं, सहकारी सभाएं ऊना के सहायक पंजीयक अधिकारी राकेश कुमार के अनुसार सचिव के खिलाफ हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी सभाएं अधिनियम 1968 की धारा 69 (1) के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है। साथ में ही सभा का 2023-24 और अप-टू-डेट ऑडिट जिला ऑडिटर अधिकारी संदेश वाला और इंस्पेक्टर उमेश कुमार को आवंटित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मसले में भारी अनियमितता सामने आने के बाद सचिव की संपत्ति को भी सभा के पक्ष में अटैच कर दिया जाएगा। आगे ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद ही विभाग स्तर पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।