बंगाणा (ऊना)।
हिमाचल प्रदेश राज्य वॉलीबाल संघ ने दो दिवसीय जिला स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ बंगाणा में किया। इसमें बतौर मुख्यातिथि ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री व हिमाचल राज्य वॉलीबाल संघ के प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र कंवर ने शिरकत की।कंवर ने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हों, इस दिशा में प्रदेश सरकार कदम उठाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश ही नहीं बल्कि ऊना से भी अनेक ऐसे खिलाड़ी हुए हैं जिन्होंने प्रदेश का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चमकाया। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुरजीत सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कुटलैहड़ और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सुरजीत सिंह न केवल भारतीय टीम के कप्तान रहे बल्कि भारतीय वॉलीबाल टीम का हिस्सा रहे।
इस दो दिवसीय टूर्नामेंट में चयनित खिलाड़ियों को आगामी 27, 28 और 29 जनवरी को पालमपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होने बंगाणा स्कूल में जल्द विज्ञान भवन निर्माण और प्राथमिक पाठशाला के लिए दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण करने की घोषणा भी की। इस अवसर पर एसडीएम संजीव कुमार, कुटलैहड़ भाजपा मंडलाध्यक्ष मनोहर लाल, हिमाचल प्रदेश वॉलीबाल संघ के महासचिव एवं अंतरराष्ट्रीय कोच जगीर सिंह रंधावा, मदन राणा, राजिंद्र ठाकुर, उपप्रधान मुच्छाली मनोज उपस्थित रहे।