दौलतपुर चौक (ऊना)। विद्युत उपमंडल दौलतपुर चौक के अधीन जिन उपभोक्ताओं ने बिजली के बिल जमा नहीं करवाए, उन्हें 31 अगस्त से पहले बिजली के बिल जमा करवाने की हिदायत दी गई है।
ऐसा न होने की स्थिति में उनका बिजली का कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके साथ उन्हें 250 रुपये का जुर्माना भी भरना पड़ेगा। विद्युत उपमंडल दौलतपुर चौक के सहायक अधिशासी अभियंता इंजीनियर मंगल राम चौधरी ने बताया कि बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के सितंबर माह में बिजली के कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना के काट दिए जाएंगे। जुर्माना और बिजली का बिल वसूलने के बाद ही उसकी आपूर्ति दोबारा शुरू होगी। उन्होंने बताया कि विद्युत उपमंडल के 500 उपभोक्ताओं ने करीब पांच लाख का भुगतान नहीं किया है। उन्होंने विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि विद्युत लाइनों के नीचे कोई भी भवन निर्माण कार्य न करें। अगर कोई निर्माण कार्य करता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।