संतोषगढ़ (ऊना)। नगर परिषद संतोषगढ़ में दिनदहाड़े एक शातिर युवक लेडीज टेलर की दुकान से करीब 49 हजार रुपये की नकदी से भरा पर्स चुराकर भाग गया।
आरोपी पहले ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा और सूट सिलाई के बारे में जानकारी लेने के बहाने दुकान संचालिका को बातों में उलझा दिया। इसी दौरान उसने काउंटर पर रखा पर्स उठाया और मौके से निकल गया।
जानकारी के अनुसार घटना नूरपुर बेदी मार्ग पर स्थित एक निजी स्कूल के साथ बनी मार्केट की है। पीड़िता की पहचान चरणजीत कौर के रूप में हुई, जो लेडीज टेलर का काम करती हैं और हाल ही में नगर परिषद संतोषगढ़ के वार्ड नंबर-3 से पार्षद निर्वाचित हुई हैं। बताया जा रहा है कि चोरी हुए पर्स में करीब 49 हजार रुपये की नकदी थी।
वारदात के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध युवक दिखाई दिया है। उसकी पहचान के लिए फुटेज सोशल मीडिया पर भी साझा की गई है। पीड़िता ने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस चौकी में दर्ज करवाई है।
सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी राकेश कुमार पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात युवक की तलाश शुरू कर दी गई है।