चिंत्तपूर्णी माता के दरबार उमड़ा श्रद्धा का सैलाब ..... चिंतपूर्णी माता के दरबार माथा टेकने के लिए ?
- फोटो : Una
भरवाईं/चिंतपूर्णी (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में श्रावण अष्टमी नवरात्र मेले के चलते भक्तों की भीड़ माता रानी के दरबार में बनी हुई है। इसी कड़ी में मेले छठे नवरात्र पर बुधवार को मां के दरबार में भक्तों का सैलाब उमड़ा। सुबह छह बजे ही श्रद्धालुओं की दोहरी कतरा मुख्य बाजार को भी पार कर गई। देखते ही देखते कतार नए बस अड्डे तक पहुंच गई। बुधवार शाम 6:00 बजे तक 42,012 श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन किए।
बीते मंगलवार को मां के दरबार में 12,26,322 रुपये की नकदी, 21 ग्राम सोना और 2.390 किलोग्राम चांदी का चढ़ावा चढ़ा। माता रानी के दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ से चिंतपूर्णी क्षेत्र मिनी पंजाब सा लग रहा है। भक्तों को चार से छह घंटे कतार में लगने के बाद माता रानी के दर्शन करने को मिल रहे हैं। सावन मेले के दौरान चिंतपूर्णी मंदिर दिन-रात खुला रखा गया है। मात्र आधे घंटे के लिए ही रात के समय मंदिर को बंद रखा जाता है।
मेले के छठे दिन भरवाईं से शीतला मंदिर तक हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। स्थानीय लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। श्रद्धालुओं को दर्शन पर्ची देकर ही मंदिर में दर्शनों के लिए भेजा जा रहा है। कई श्रद्धालु दंडवत और कई पैदल यात्रा कर माता रानी के दरबार में पहुंच रहे हैं। वहीं लंगर संस्थाएं विभिन्न व्यंजन श्रद्धालुओं को परोस रहे हैं।
बॉक्स
देर रात को पकड़ा जेब कतरा
मंगलवार देर रात हवलदार यशपाल तथा पीसी पूर्ण सिंह ने एक जेब कतरे को श्रद्धालु की जेब से पर्स निकालते हुए रंगे हाथों पकड़ा। पर्स श्रद्धालु को लौटा दिया और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। मेला अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि मेले में अव्यवस्था फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुजारियों से भी अपील की है कि मेले में श्रद्धालुओं को जल्दी दर्शन करवाने के लिए अपना सहयोग दें।