ऊना। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने मंगलवार को सदर हलके के जखेड़ा, बनगढ़, भटोली, मैहतपुर गांव, रायेपुर सहोड़ां, छतरपुर ढाडा, अजोली, सनोली, मजारा, मलूकपुर, बीनेवाल और नगर परिषद संतोषगढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं।
पीजीआई सेटेलाइट सेंटर के शिलान्यास समारोह और इसके बाद होने वाली जनसभा को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने ऊना जिले को पीजीआई सेटेलाइट सेंटर के रूप में नायाब तोहफा दिया है। इसके शिलान्यास समारोह को यादगार बनाया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि देश की सेनाओं के शौर्य पर सवाल खड़े करने वाली कांग्रेस रणबांकुरों की धरती हिमाचल में बुरी तरह मुंह की खाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चार सीटें भाजपा बड़े अंतर से जीतेगी। प्रदेश की जयराम सरकार ने विकास कार्यों व हर वर्ग के कल्याण के लिए नीतियां बनाकर भाजपा के जनाधार को मजबूत बनाया है। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में आपसी गुटबाजी व लड़ाई से ही हाशिए पर चली गई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का कांगड़ा दौरा न तो प्रदेश में कोई जोश कांग्रेस में भर पाएगा और न ही कांग्रेस की गुटबाजी पर लगाम लग पाएगी।