ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल के सभागार में बुधवार को जिला क्षय रोग उन्मूलन समिति, जिला टीबी फोरम, जिला को-मॉर्बिडिटी समिति तथा टीबी डेथ ऑडिट रिव्यू समिति की संयुक्त बैठक का आयोजन सहायक आयुक्त विनय मोदी की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में चलाई जा रही गतिविधियों, उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के दौरान जनवरी से मई माह तक जिला ऊना में 386 टीबी रोगियों की पहचान की जा चुकी है। टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 के अंतर्गत उच्च जोखिम वाले गांवों एवं वार्डों में विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनमें एक्स-रे एवं आधुनिक नैट जांच तकनीकों के माध्यम से रोगियों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने जिला ऊना द्वारा टीबी मुक्त पंचायत अभियान के अंतर्गत प्राप्त उपलब्धियों की भी सराहना की गई। उन्होंने निक्षय मित्र पहल, टीबी रोगियों को पोषण सहायता, विभेदित टीबी देखभाल, सह-रुग्णताओं के प्रभावी प्रबंधन तथा टीबी मुक्त पंचायत अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों से टीबी उन्मूलन अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।