सशस्त्र सेना दिवस पर साल 2024-25 में वितरित किए गए थे झंडे
शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को जल्द इस राशि को जमा कराने को कहा
इससे पहले भी राशि जमा कराने में कई स्कूल कर चुके लापरवाही
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले के करीब 35 स्कूलों ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 के दौरान सशस्त्र सेना ध्वज दिवस पर वितरित टोकन झंडों की राशि अब तक जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में जमा नहीं करवाई है। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा उपनिदेशक की ओर से संबंधित स्कूलों को पत्र जारी किया गया है। पत्र में कहा गया है कि कई बार आग्रह करने के बावजूद यह राशि जमा नहीं करवाई गई है। सभी स्कूलों को इसे तुरंत जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार सशस्त्र सेना ध्वज दिवस पर विद्यार्थियों में देशभक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से टोकन झंडे वितरित किए जाते हैं। इसके एवज में निर्धारित राशि वसूल की जाती है। प्रधानाचार्य और मुख्य अध्यापक से 50 रुपये, अध्यापक एवं गैर-शिक्षण स्टाफ से 30 रुपये तथा विद्यार्थियों से 5 रुपये। यह राशि सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण पर खर्च की जाती है।
लेकिन, कई स्कूलों ने इस विषय को गंभीरता से नहीं लिया और राशि जमा नहीं करवाई। जिन स्कूलों ने राशि जमा नहीं करवाई है, उनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंबोटा, बल्ह, बसदेहड़ा, बेहड़ जस्वां, भलौन, भंजाल, चराड़ा, चिंतपूर्णी, चुरड़ी, धमांदरी, दियाड़ा, गिंदपुर मलौन, ज्वार, किन्नू, कुरियाला, नंगल जरियाला, परोइयां, पुबोवाल पोलियां, रपोह मिसरां, संतोषगढ़, सासन और बाल स्कूल ऊना शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त राजकीय उच्च विद्यालयों में बनगढ़, डंगोहा, घरवासड़ा, हरोट, जसाना, कुठियाड़ी, लोअर अंदौरा, लोअर पालकवाह, नंदपुर, पंजुआना, सूहीं, थानाकलां और मैड़ी के नाम भी सूची में शामिल हैं। कई विद्यालयों के प्रिंसिपल उपनिदेशक कार्यालय के आदेशों की अनदेखी करते रहे हैं।
कोट्स
सभी स्कूल अध्यापक दिवस पर वितरित किए गए झंडों की राशि समय पर एकत्र कर जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित करें। इस आदेश को अत्यंत आवश्यक मानते हुए तुरंत अनुपालन करें। -अनिल कुमार, उपनिदेशक, जिला उच्च शिक्षा विभाग