ऊना। पालकवाह में कोरोना मरीजों के लिए बनाए गए मेक शिफ्ट अस्पताल में 35 अतिरिक्त बेड लगाने का कार्य रविवार तक पूरा हो जाएगा। सभी बेड पर मरीजों को ऑक्सीजन की सप्लाई भी मिलेगी। बुधवार को उपायुक्त राघव शर्मा ने पालकवाह का दौरा कर तैयारियों का निरीक्षण किया। राघव शर्मा ने कहा कि पालकवाह में कोरोना संक्रमितों के लिए ऑक्सीजन के साथ 51 बेड पहले से उपलब्ध हैं और अब 35 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की जा रही है। बेड के साथ ऑक्सीजन की पाइपलाइन बिछाने का कार्य एक दो दिन में पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिला में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन, सिलेंडर और बेड मौजूद हैं। जिला प्रशासन निरंतर हालात पर नजर रखे हुए हैं। इसके बाद उन्होंने पंडोगा में बनाए जा रहे मेक शिफ्ट अस्पताल के कार्य का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उपायुक्त के साथ एसडीएम हरोली गौरव चौधरी, डॉ. निखिल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बॉक्स
जिले में बढ़ाई कोविड टेस्टिंग
उपायुक्त ने बताया कि जिले में कोविड टेस्टिंग भी बढ़ाई गई है और अब प्रतिदिन औसतन 1000 सैंपल लिए जा रहे हैं। अप्रैल माह में स्वास्थ्य विभाग ने 22,531 सैंपल लिए जबकि मई माह में अब तक 4536 सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट में हो रही देरी का मसला भी जल्द सुलझ जाएगा। अब ऊना के सैंपल टांडा के अतिरिक्त पालमपुर आईएचबीटी में टेस्टिंग के लिए भेजे जा रहे हैं। यह लैब आईसीएमआर से मान्यता प्राप्त है।
बॉक्स...
हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए
उपायुक्त ने बताया कि जिला में आम जनता की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। कोविड-19 से जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी जैसे कोविड 19 टेस्टिंग, टीकाकरण, एंबुलेंस, घर पर रह रहे पॉजिटिव मरीजों से जुड़ी जानकारी, कोविड अस्पतालों के बारे में जानकारी के लिए कोविड नियंत्रण कक्ष के नंबर 88944-57225 पर संपर्क किया जा सकता है। पंजाब बॉर्डर से आने-जाने के लिए पंजीकरण और पास संबंधी सेवा के लिए कर्फ्यू पास सेल के फोन नंबर-7018999726 पर संपर्क करें।