माता चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की दर्शनों के लिए लंगी लंबी कतारें। संवाद
लुधियाना धर्मशाला के पास पहुंची श्रद्धालुओं की डबल लाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। माता चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मंदिर में 23,000 श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। शनिवार रात से ही भक्तों की भीड़ जमा होने लगी थी, लेकिन रविवार को लाइनें और लंबी हो गईं। दोपहर के समय डबल लाइनें लुधियाना धर्मशाला तक पहुंच गईं।
मंदिर तक पहुंचने की गति धीमी रहने के बावजूद श्रद्धालु धैर्यपूर्वक लाइन में लगे रहे। दर्शनों के लिए कई श्रद्धालुओं को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दौलतपुर से आई रजनी ठाकुर ने बताया कि सुबह 10 बजे पहुंचने के बावजूद उन्हें तीन घंटे लाइन में लगने पड़े। भीड़ लगातार बढ़ती रही और कुछ श्रद्धालु लाइन में घुसपैठ करते भी नजर आए, जिससे रफ्तार और धीमी हो गई। मंदिर प्रशासन की सुगम दर्शन प्रणाली से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हाजिरी भरी, जिससे प्रशासन को लाभ हुआ, लेकिन आम श्रद्धालुओं के लिए यह किसी चुनौती से कम नहीं था। लिफ्ट से आने वाले श्रद्धालु अक्सर आम लाइनों में घुसते रहे, जिससे लाइनें और रुक जाती थीं। कई भक्त पहली पौड़ी से ही माथा टेककर लौट गए। मंदिर अधिकारी अजय मंडियाल ने बताया कि रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या 23,000 से अधिक रही। सुरक्षा कर्मियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।