बंगाणा(ऊना)। उपमंडल बंगाणा की पंचायत बोहरू के गांव चुगाठ के लोग भीषण गर्मी में पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। पिछले 15 दिन से उन्हें पानी की एक बूंद भी नसीब नहीं हुई है। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चुगाठ निवासी सुभाष पठानिया, पुश्विंद्र सिंह, सुरम सिंह, रूप सिंह, रामआसरा, मक्खन सिंह का कहना है कि उनके गांव में सियासी रंजिश के कारण पेयजल की आपूर्ति देने में भेदभाव किया जा रहा है।
उनके गांव कम से कम पंद्रह घर ऐसे है जिनको पानी की सुविधा न के बराबर दी जा रही है। उन्होंने आईपीएच विभाग को कई बार शिकायत भी करवाई लेकिन अभी तक उनकी समस्या का कोई भी समाधान नहीं हुआ है। बारिश न होने से गांव के प्राकृतिक स्रोत सूख गए हैं। इस वजह से लोगों को पीने के पानी नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से गुजारिश की है कि वे मौके पर आकर पानी की सप्लाई की जांच करें और पक्षपात करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
महिला मंडल की प्रधान सुशीला देवी व पेयजल की सुविधा से वंचित समस्त गांव वासियों ने विभाग से अपील है कि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए वरना उन्हें आंदोलन पर उतरना पड़ेगा।आईपीएच विभाग मंडल ऊना के एक्सईएन अरविंद सूद ने बताया कि उपमंडल बंगाणा के एसडीओ बीबी गुप्ता वीरवार को पानी की समस्या जानने के लिए क्षेत्र के दौरे पर थे। चुगाठ के लोगों की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।