नंगल।
शिवालिक एवेन्यू की फेज-2 कॉलोनी में बने बरसाती नाले में हिमाचल की एक औद्योगिक इकाई की ओर से रसायनिक प्रदूषित पानी छोड़ने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन मनमर्जी से गंदगी युक्त पानी नालों के माध्यम से छोड़ रही है। इससे प्रदूषण का बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
नंगल की समाजसेवी संस्था सीनियर सिटीजन सोसाइटी के सदस्य परमिंदर कुमार सिकरी और अध्यक्ष देव राम धामी ने बताया कि इस मामले को लेकर डिप्टी कमिश्नर रूपनगर को शिकायत भेजी गई है। इसमें कॉलोनी में लोगों को प्रदूषण से हो रही परेशानी और शराब कंपनी के प्रबंधकों के खिलाफ कानूनी कारवाई करने की मांग की गई है। इसको लेकर मैहतपुर में शराब बनाने वाले कंपनी से निकलने वाले रसायन से उठने वाले प्रदूषण से प्रभावित होकर स्थानीय लोग इसकी शिकायत प्रदूषण विभाग को कर चुके हैं लेकिन आज दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। एसडीएम राकेश गर्ग ने कहा कि इस मामले में वह प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड से कार्रवाई करने के लिए मांग करेंगे।