अंब (ऊना)।
उपमंडल अंब के तहत ठठल गांव में किसानों को इन दिनों भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालत ऐसी है कि ठठल पंचायत में सिंचाई के लिए आईपीएच विभाग द्वारा करीब पांच स्कीमें स्थापित की गई है। इस समय उक्त सभी स्कीमें खराब पड़ी हैं। किसी भी स्कीम से किसानों के खेतों को एक बूंद भी पानी नहीं मिल रहा है। इसके चलते कृषि कारोबार पूरी तरह वर्षा जल पर निर्भर हो गया है।
वहीं बारिश न होने से किसानों के चेहरों पर मायूसी छाई है। राष्ट्रीय स्वतंत्र किसान मोर्चा के अध्यक्ष ठाकुर सीता राम ने बताया कि उनके साथ गांव के शाम लाल, राम पाल, बलबीर सिंह नंबरदार, रघुनाथ नंबरदार, अश्वनी कुमार, रामनाथ, विनोद कुमार, तिलक राज, प्रकाश चंद, जीत सिंह, राज कुमार, किरण कुमार, मनोहर लाल, योगराज, नंद किशोर, महेंद्र पाल आदि किसानों के लिए यह काफी दुखदायी समय है। उन्होंने कहा यदि बारिश नहीं होगी तो किसानों का गुजारा कैसे होगा। उन्होंने बताया कि ठठल में पांच सिंचाई स्कीमें लगाई हैं।
इनमें से एक भी पूरी तरह काम नहीं कर रही है। किसी की पाइपलाइन टूटी हुई है तो कोई बंद पड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से बात करते हैं तो भी अपना पल्ला यह कहकर झाड़ देते हैं कि हमारे पास स्टाफ नहीं है। ऐसे में किसानों की सुध लेने वाला अब कोई नहीं बचा है। उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और प्रदेश सरकार से गुजारिश है कि वे किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लें ताकि वे अपने कारोबार को बचा कर परिवार का गुजरबसर करने के लायक बन सकें।
आईपीएच डिवीजन-2 के अधिशाषी अभियंता अरविंद सूद ने कहा कि ठठल के किसानों की समस्या ध्यान में लाई गई है। अधिकारियों से मामले की रिपोर्ट ली जाएगी। जल्द से जल्द किसानों की समस्या को हल किया जाएगा।