फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिक न्यू बॉर्न केयर यूनिट में बिजली गुल

विज्ञापन
- फोटो : ANI
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो

विज्ञापन

ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में बुधवार रात बिजली गुल होने से नवजात शिशुओं की जान पर बन आई। अस्पताल के सिक न्यू बॉर्न केयर यूनिट के वार्ड में करीब एक घंटे तक बिजली गुल रही। फोटो थेरेपी समेत अन्य मशीनों के बंद होने पर अभिभावकाें ने जोरदार हंगामा किया। अभिभावकों के स्टाफ से उलझने पर उच्चाधिकारियों ने आनन फानन बिजली बहाल करा मामला शांत कराया। हालांकि बिजली के बैकअप की व्यवस्था न होने पर अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय अस्पताल में बुधवार रात अचानक बत्ती गुल हो गई। अस्पताल का जेनरेटर भी मौके पर नहीं चला। आपात स्थिति में सिक न्यू बॉर्न केयर यूनिट की मशीनों को चालू रखने के लिए लगाई बैटरी भी जवाब दे गई। इसके चलते मशीनें बंद हो गईं। इन मशीनों में प्री-मैच्योर और पीलिया पीड़ित गंभीर रूप से बीमार आधा दर्जन बच्चों को रखा गया था। मशीनों के बंद होते ही अस्पताल स्टाफ के भी हाथ-पांव फूल गए। शिशुओं को भी दिक्कत पेश आने लगी। हालांकि ड्यूटी पर तैनात नर्सों ने अपनी बिजली आपूर्ति को रि-स्टोर करवाने के लिए प्रयास किए। लेकिन बात नहीं बनी।
विज्ञापन
विज्ञापन


इसे देख शिशुओं की देखभाल के लिए उनके साथ आए तीमारदारों ने हंगामा कर डाला। मामले की जानकारी विभाग के आला अधिकारियों को दी गई। तमाम कोशिशों के बावजूद न तो वार्ड की बैटरी ही चली और न ही उसे जेनरेटर से कनेक्ट किया जा सका। इसी बीच करीब एक घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो गई और सभी मशीनों ने सुचारु रूप से काम करना शुरू कर दिया। वहीं, वीरवार सुबह विभाग के अधिकारियों ने वार्ड में लगी बैटरी को बदलवा दिया है। इस बारे में सीएमओ ऊना डॉ. रमन कुमार ने कहा कि तकनीकी कारणों के चलते सिक न्यून बॉर्न केयर वार्ड की बैटरी ने काम करना बंद कर दिया था। इससे दिक्कत आई थी। लेकिन वार्ड में लगी बैटरी को बदल दिया गया था।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें