चिंतपूर्णी मंदिर के गर्भ गृह का सीधा प्रसारण बंद
पंद्रह दिनों से टीवी पर नहीं दिखाया प्रसारण
तकनीकी खराबी माना जा रहा कारण
अमर उजाला ब्यूरो
भरर्वाइं (ऊना)। चिंतपूर्णी मंदिर के गर्भ गृह का सीधा प्रसारण कई दिनों से बंद है। पंद्रह दिनों से फास्ट वे पर माता रानी के दर्शनों का लाइव प्रसारण नहीं किया जा रहा है। इस कारण चिंतपूर्णी और देहरा क्षेत्र के गांवों के लोगों को घर बैठे माता रानी के दर्शन नहीं हो पा रहे हैं।
टीवी पर चिंतपूर्णी मंदिर का लाइव बंद होने का कारण देहरा केवल ऑपरेटर के सिस्टम में तकनीकी खराबी का होना बताया जा रहा है। गौरतलब है कि चिंतपूर्णी मंदिर का टीवी पर लाइव प्रसारण कई सालों से बंद पड़ा था जबकि मंदिर में लगी कई एलसीडी पर गर्भ गृह का लाइव प्रसारण नहीं चलाया जाता था। लेकिन मंदिर अधिकारी अवनीश शर्मा के कार्यभार संभालने के बाद प्रसारण पुन: शुरू करवाया गया। फास्ट वे पर माता रानी के दर्शनों का लाइव चलने से अंब, मुबारिकपुर, किन्नू, भरवाईं, चिंतपूर्णी, चलाली, बगली, ढलियारा और देहरा तक कई गांवों में लोगों को माता रानी के दर्शनों की सुविधा घर बैठे ही मिलने लगी। अब कई दिनों से फास्ट वे पर ये लाइव प्रसारण नहीं दिखाया जा रहा है।
इस बारे में मंदिर अधिकारी अवनीश शर्मा का कहना है कि इस बारे में केवल ऑपरेटर को पूछा गया था। उसने बताया कि देहरा में कोई तकनीकी खराबी के चलते माता रानी के लाइव दर्शनों का प्रसारण टीवी पर नहीं चल पा रहा है। उन्होंने कहा कि एक दो दिन में तकनीकी खराबी को दूर कर फास्ट वे पर दोबारा से माता रानी के दर्शनों का लाइव चला दिया जाएगा।