भरवाईं(ऊना)। धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में मई महीने से नकद चढ़ावे में रिकॉर्ड तोड़ वृद्धि हुई है। मात्र दो तीन दिन का नकद चढ़ावा ही 30 लाख से ऊपर जा पहुंचा। पिछले पांच दिनों शुक्रवार, शनिवार, रविवार, सोमवार और मंगलवार का कुल नकद चढ़ावा 51 लाख 21 हजार 166 रुपये प्राप्त हुआ। इसमें मंगलवार के दिन ही मंदिर न्यास को 10 लाख 68 हजार 760 रुपये प्राप्त हुए हैं। इसकी पुष्टि मंदिर अधिकारी अवनीश शर्मा ने की है।
इन पांच दिनों में मां के दरबार में 80 हजार के करीब श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई। गौर है कि चिंतपूर्णी मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की आवाजाही से मां के दरबार मे रौनक जैसा माहौल बना हुआ है। हिमाचल, हरियाणा, पंजाब समेत अन्य राज्यों में छुट्टियां होने से अधिक संख्या में श्रद्धालु मां के दर पर पहुंच रहे है। मंदिर प्रशासन श्रद्धालुओं को मां के दरबार में बेहतर सुविधाएं देने के प्रयास में जुटा है। इसके चलते श्रद्धालुओं को बढ़िया तरीके से माता रानी के दर्शन करने को मिल रहे हैं। मंदिर अधिकारी अवनीश शर्मा ने कहा कि श्रद्धालु कतारों में लगकर बड़े आराम से माता रानी के दर्शन कर रहे हैं। उनका प्रयास रहेगा कि वे मां के दर आने वाले भक्तों के लिए और बेहतर कार्य कर सकें।