अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। महाशिव रात्रि के अवसर पर सोमवार को जिले के शिवालय बम बम भोले के जयकारों की गूंजे। जयकार लगाते हुए भक्त शिवालयों तक पहुंचे। भक्तों ने शिवलिंग पर बिल्व पत्र, पुष्प एवं जलाभिषेक कर भगवान शंकर का आशीर्वाद लिया।
शिव मंदिरों को खूब सजाया गया था। दर्शनों के लिए हजारों भक्तों को कतारबद्ध करने की विशेष व्यवस्था की गई थी। मंदिर परिसर बेरिकेड किए गए थे। भक्त कतारों में दर्शन करने के बाद शिवालयों से बाहर निकले। ऊना जिला मुख्यालय तथा आसपास स्थित महादेव मंदिर कोटला कलां, शिवबाड़ी गगरेट, अजनौली शिव मंदिर, चौरासी पौड़ियां मंदिर, गीता मंदिर, बनौड़े महादेव मंदिर, ध्यूंसर महादेव मंदिर में भक्तों की भारी जनसैलाब उमड़ा। जिला के अतिरिक्त अन्य जिलों एवं पड़ोसी राज्य पंजाब के भी हजारों श्रद्धालुओं ने शिव शंकर के दरबार में शीश झुका कर आशीर्वाद प्राप्त किया। शिव भक्त तिलक राज शर्मा, अमरजीत सिंह, मुनीष भारद्वाज, अश्विनी शर्मा, अजय कुमार, ईशा शर्मा ने बताया कि उन्होंने सुबह-सवेरे भगवान का जलाभिषेक किया।
महादेव मंदिर कोटला कलां में मंदिर परिसर से करीब तीन सौ मीटर दूर तक कतारें लगीं। भोले की जयकार करते हुए भक्त मंदिर परिसर की ओर बढ़ते गए। कई ने उपवास के चलते शिवालयों में महज फलाहार किया। बाकी भक्तों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। देहलां, बसदेहड़ा, रायपुर सहोड़ां समेत अन्य शिवालयों में भी दिन भर शिव भक्तों की भीड़ रही।
भक्तों ने संभाली यातायात व्यवस्था
बनौड़े महादेव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस भी तैनात रही। महादेव मंदिर में दोनों ओर से आ रहे वाहनों को कंट्रोल करने, जाम खुलवाने, वाहनों में आ रहे शिव भक्तों को पार्किंग का रास्ता दिखाने का काम शिव भक्तों ने ही किया। हल्का सा जाम लगने पर भी शिव भक्त वहां पहुंचकर दूसरी ओर से आ रहे वाहन को रोक रहे थे और जाम खुलवाकर वाहनों को आगे भेजते रहे।