अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
हिम आंचल पेंशनर्स कल्याण संघ ने रविवार को ऊना स्थित पेंशनर्स स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश स्तरीय समारोह का आयोजन किया। इस समारोह में संघ के प्रदेशाध्यक्ष रमेश भारद्वाज ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मंच संचालन प्रदेश महासचिव योगराज शर्मा ने किया। इस समारोह का शुभारंभ संघ के प्रदेशाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने ज्योति प्रज्वलित कर वंदे मातरम के साथ सुबह साढ़े 10 बजे किया।
जिलाध्यक्ष राज कुमार शर्मा ने प्रदेश भर से बड़ी संख्या में पहुंचे अतिथियों अभिनंदन किया गया। इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष रमेश भारद्वाज, संघ संस्थापक व मुख्य संरक्षक बीडी शर्मा, हमीरपुर जिलाध्यक्ष केसी गौतम, जिला शिमला प्रधान एलआर मेहता, कांगड़ा से जगदीश शर्मा, मंडी जिला से रंजीत सिंह, कुल्लू से प्रताप चौहान व महिला मोर्चा सचिव बिशनी देवी, शिमला से नारायण त्रिशित आदि मुख्य वक्ताओं ने पेंशनर दिवस के महत्व और पेंशनरों की समस्याओं और संगठन की एकता के बारे में विचार और सुझाव रखे। इस समारोह में प्रदेश भर से आए 80 वर्ष आयु वर्ग के वरिष्ठ पेंशनरों को सम्मान स्वरूप शॉल व टोपी से सम्मानित कर उनकी दीर्घ आयु के लिए कामना की गई। उन्होंने कहा कि सरकार ने किस प्रकार पेंशनर को गुमराह किया, यह सभी को पता है।
पेंशनरों को 65, 70 और 75 वर्ष की आयु के बाद मिलने वाले पेंशन भत्ते को मूल पेंशन में बदलने, दो वर्ष में एक मूल वेतन के बराबर एलटीसी भत्ता दिए जाने, पेंशनरों के लिए कैशलेस चिकित्सा स्कीम लागू करने, एक पद-एक पेंशन स्कीम लागू करने, 2003 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को 2003 से पहले के पेंशन लाभ बहाल करने, 18 सितंबर, 2017 को सरकार से ग्रेच्युटी के पत्र को नई स्कीम में सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारियों को लागू करने, पेंशनरों के विभिन्न विभागों में वर्षों सेे लंबित मेडिकल बिलों का भुगतान करने की मांगों के बारे में सरकार से जल्द कार्रवाई की गुहार लगाई। सातवें वेतन आयोग को जल्द लागू करने की पुरजोर मांग भी की गई।