अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए कम मतदान वाले केंद्रों पर विशेष फोकस रखा जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त विकास लाबरू का कहना है कि अगले तीन दिन जिला के पांचों विस निर्वाचन क्षेत्रों के ऐसे 10 मतदान केंद्रों में विशेष मतदाता जागरूकता शिविर लगाया जा रहा है। यहां पर पुरुषों और महिलाओं की मत प्रतिशतता सबसे कम रही है। उनका कहना है कि चुनाव कार्य की व्यस्तता के चलते वह खुद भी इन मतदान केंद्रों में पहुंचने का पूरा प्रयास करेंगे।
विकास लाबरू ने कहा कि जिला में ऐसे दस मतदान केंद्र चिन्हित किए हैं। यहां पर पुरुषों और महिलाओं की मत प्रतिशतता सबसे कम रही है। इनमें 41-चिंतपूर्णी निर्वाचन क्षेत्र के पोलिंग बूथ बेहड़ां में पुरुष मतदाताओं की भागीदारी 50.41 प्रतिशत और मतदान केंद्र छपरोह-2 में महिलाओं की भागीदारी 53.26 प्रतिशत रही। जहां 42-गगरेट निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र चलेट-3 में पुरुष मतदाताओं का वोट प्रतिशत 60.81 प्रतिशत था तो अंदोरा के एक मतदान केंद्र में महिला मतदाताओं की भागीदारी 60 प्रतिशत थी।
43-हरोली विस निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र रोडा बॉलीवाल-3 में पुरुष मतदाताओं का वोट प्रतिशत 51.69 प्रतिशत और मतदान केंद्र गोंदपुर उर्फ बुल्ला दो में महिलाओं की भागीदारी 67.73 फीसदी रही थी। 44-ऊना विस निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र झूडोवाल-1 में पुरुषों की भागीदारी 54.72 प्रतिशत और मतदान केंद्र टब्बा तीन में महिलाओं की भागीदारी 62.15 प्रतिशत थी। 45-कुटलैहड़ विस क्षेत्र में मतदान केंद्र कोट में पुरुषों का मत प्रतिशत 50.47 और मतदान केंद्र कुरियाला-2 में महिलाओं का मत प्रतिशतता 63.19 प्रतिशत रही थी, शामिल हैं। विकास लाबरू का कहना है कि इस बार जिला में 90 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिला के मेहनतकश लोगों की बदौलत वह इस लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगे।