अमर उजाला ब्यूरो
चिंतपूर्णी(ऊना)। माता चिंतपूर्णी के दरबार के गर्भगृह में चांदी की नक्काशी का कार्य पूरा हो गया है। क्षेत्र के प्रसिद्ध समाजसेवी स्वर्गीय अमरनाथ के बेटों ने लगभग एक करोड़ की राशि खर्च कर गर्भगृह की दीवारों को चांदी की नक्काशी से बनवाया है। इसके लिए राजस्थान के कुशल कारीगर मंगाए गए थे। वीरवार को चांदी चढ़ाने का कार्य विधिवत हवन यज्ञ के साथ संपन्न हुआ।
इस मौके पर लाला अमरनाथ के पुत्र महेंद्र शर्मा, अश्वनी शर्मा, राजेश शर्मा एवं परिवार के सदस्यों ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की विशेष उपस्थिति में पूजा अर्चना व हवन यज्ञ में आहुतियां डालीं। इस मौके पर धूमल को माता की चुनरी व चित्र स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया। पंडित महेंद्र शर्मा ने बताया कि एक क्विंटल 51 किलोग्राम चांदी से काम किया जा चुका है। कुछ काम अब भी किया जा रहा है। गर्भ गृह में चांदी की नक्काशी पूरी होने से सुंदरता देखते ही बन रही है। गौरतलब है कि लाला अमरनाथ भी पुण्य कार्यों में अपनी सक्रियता को लेकर क्षेत्र में मिसाल थे।