स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों की पहचान कर शुरू की उपचार की प्रक्रिया
100 डे टीबी अभियान के तहत सामने आए मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। स्वास्थ्य विभाग के 100 दिन टीबी अभियान के तहत बीते 45 दिन में क्षय रोग के 18 नए मामले सामने आए हैं। विभाग ने इन मरीजों का उपचार भी शुरू कर दिया है। इन मरीजों में सबसे अधिक मामले उन लोगों से संबंधित है जो किसी अन्य रोग से भी पीड़ित हैं। विभाग की तरफ से इन सभी रोगियों को पोषण किट और उपचार के लिए दी जाने वाली दवाइयां आशा वर्कर व घर के अन्य सदस्यों की देखरेख मेें मुहैया करवाई जा रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिलेभर में 100 दिन टीबी जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के 45 से अधिक दिन पूरे हो चुके हैं। इस दौरान करीब 63000 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य को जांचा गया। अभी तक 18 लोग टीबी से पीड़ित पाए गए हैं। इसे लेकर प्रक्रिया लगातार चल रही है। टीबी के सामने आए नए मामलों में अधिकतर मरीज अन्य रोगों से भी पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से घर द्वार पर लोगों के एक्स रे किए जा रहे हैं। एक्स रे में टीबी होने की कोई भी संभावना नजर आने पर उन लोगों के टीबी के टेस्ट भी किए जा रहे हैं ताकि क्षय रोग की पुष्टि की जा सके। इस अभियान के दौरान उन लोगों की जांच भी जा रही है जो बीते पांच साल में टीबी से पीड़ित पाए गए थे। सही उपचार लेने के बाद टीबी को हराकर वे पूरी तरह स्वस्थ भी हो गए थे। ऐसे लोगों के परिवार सदस्यों की टेस्टिंग भी की जा रही है ताकि उक्त परिवार के सभी सदस्यों की जांच की जा सके। इस अभियान को अभी तक जिले में 50 दिन और चलाया जाना है।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से टीबी के मरीजों को पोषण किटें भी वितरित की जा रही हैं। इसके लिए विभिन्न औद्योगिक संस्थान और समाजसेवियों का सहयोग भी लिया जा रहा है ताकि रोगियों को उपचार के दौरान पोषक आहार लेने में कोई दिक्कत का सामना न करना पड़े।
कोट्स
100 दिन टीबी अभियान के तहत जिलेभर में प्रक्रिया लगातार चल रही है। इसके लिए सभी उपमंडलों में जांच अभियान चल रहा है। 45 दिन में करीब 63000 लोगों के टेस्ट किए गए हैं। 18 नए मरीज सामने आए हैं।
डाॅ. विशाल शर्मा, जिला क्षय रोग अधिकारी ऊना