दौलतपुर चौक (ऊना)। स्कूल शिक्षा बोर्ड की मेरिट में स्थान पाने वाले मेधावियों को चंबा में सम्मानित किया गया। जिले 12वीं की विज्ञान संकाय में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले रायपुर के देवेश राणा पुत्र अंजना और तरसेम सिम्मी तथा नौवां स्थान प्राप्त करने वाली रिद्धिम पुत्री रेणु और अनूप चौधरी को कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मार्केंडेय ने सम्मानित किया।
देवेश राणा को 80 हजार रुपये का चेक एवं प्रशस्ति पत्र और रिद्धिम को 20 हजार रुपये का चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। देवेश राणा के पिता तरसेम सिम्मी ने बताया कि देवेश ने बारहवीं में 500 में से 487 अंक हासिल करके पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया था और इससे पहले दसवीं की मेरिट सूची जहां पांचवा स्थान झटका था। रिद्धिम की तरफ से पुरस्कार ग्रहण करने वाले अभिभावक संजीव चौधरी ने बताया कि रिद्धिम ने 500 में से 481 अंक हासिल करके प्रदेश भर में नौवां स्थान प्राप्त किया है।
उन्होंने मेधावियों को सम्मानित करने वाली युवा विज्ञान पुरस्कार योजना की सराहना की है। इस अवसर पर उनके साथ पीसी रत्न, पवन राणा भी मौजूद रहे। गौर हो कि इससे पहले अमर उजाला भी शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के हाथों से इन मेधावियों को सम्मानित कर चुका है।