भरवाईं (ऊना)।
चिंतपूर्णी में माथा टेकने आए एक श्रद्धालु को शंभू बैरियर के समीप कार चलाते समय हार्ट अटैक आ गया। गनीमत रही कि बैरियर पर तैनात एक होमगार्ड ने निजी वाहन चालक की मदद से पीड़ित को समय पर अस्पताल पहुंचाया और श्रद्धालु की जान बच गई। जानकारी के अनुसार जालंधर निवासी कीमती लाल शर्मा (60) अपने परिवार के साथ माथा टेकने के लिए चिंतपूर्णी पहुंचे थे।
शंभू बैरियर के समीप ही कीमती लाल को कार चलाते समय हार्ट अटैक आ गया और वह कार में बेहोश हो गए। मौके पर तैनात होमगार्ड जवान हेमराज ने तुरंत उसे निजी टैक्सी की मदद से अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि पीड़ित श्रद्धालु ने दो दिन से हार्ट की दवाई नहीं खाई थी जिससे वह बीमार हुए। मामले की पुष्टि चिकित्सक डॉ. कपिल ने कर बताया कि पीड़ित को अस्पताल में उपचार दिया गया है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है।