ब्यूरो ऊना।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना विकास लाबरू ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान जिला की पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में तीन लाख 91 हजार 338 मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें एक लाख 18 हजार 802 पुरुष, एक लाख 92 हजार 532 महिला तथा चार ट्रांस जेंडर मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि चिंतपूर्णी निर्वाचन क्षेत्र में 77 हजार 329 मतदाता हैं। इनमें 39 हजार 529 पुरुष और 37 हजार 800 महिला मतदाता शामिल हैं। इसी तरह जहां गगरेट में कुल 75 हजार 670 मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 38 हजार 207 पुरुष तथा 37 हजार 463 महिलाएं शामिल हैं।
हरोली मेें 80 हजार 468 मतदाता हैं। इनमें 41 हजार 72 पुरुष, 39 हजार 394 महिलाएं तथा दो ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। इसके अलावा ऊना में 79 हजार 65 मतदाता हैं जिनमें 40 हजार 281 पुरुष तथा 38 हजार 784 महिला मतदाता शामिल हैं। कुटलैहड़ में 78 हजार 806 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगेे। इनमें 39 हजार 713 पुरुष, 39 हजार 91 महिला तथा दो ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
उपायुक्त विकास लाबरू ने कहा कि जिला में 509 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें 54 अतिसंवेदनशन तथा 112 संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिला में सबसे अधिक मतदान केंद्र 45-कुटलैहड़ में 116 तथा सबसे कम 90 मतदान केंद्र 42-गगरेट निर्वाचन क्षेत्र में स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा हरोली में 105 ऊना में 97 तथा चिंतपूर्णी निर्वाचन क्षेत्रों में 101 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
मतदान प्रक्रिया के लिए लगभग ढाई हजार अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग की ओर से एक हजार से अधिक पुलिस कर्मी तैनात किए हैं। इसके अतिरिक्त पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी तैनात किए गए हैं। जिला में निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए हैं। सभी पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम, वीवीपैट तथा अन्य चुनाव सामग्री के साथ रवाना कर दिया है। उन्होंने बताया कि जिला में लगभग 930 दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए भी मतदान केंद्र में आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
जिला के हर निर्वाचन क्षेत्र में दो-दो मतदान केंद्रों को महिलाएं ही संचालित करेंगी। इसके लिए लगभग 50 महिला अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। लगभग 20 महिला पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई है।
उन्होंने जिला के सभी मतदाताओं से नौ नवंबर को बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लेने का आग्रह किया है। जिला में इस बार 90 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसे हासिल करने के लिए सभी मतदाताओं से मताधिकार का जरूर इस्तेमाल करने का आह्वान किया है।
जहां पर बनाए हैं मतदान केंद्र
उपायुक्त ने बताया कि चिंतपूर्णी हलके में मतदान केंद्र 35-अंब एक स्थित राजकीय महाविद्यालय अंब तथा मतदान केंद्र 37 अंब-तीन स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंब जबकि 42-गगरेट निर्वाचन क्षेत्र में मतदान केंद्र 60-मुबारिकपुर-दो स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (वेस्टर्न पार्ट) तथा मतदान केंद्र 62-कलरूही स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कलरूही को महिला मतदान केंद्र बनाया गया है। 43-हरोली निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र 25-सलोह दो स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलोह (वेस्टर्न पार्ट) तथा मतदान केंद्र 32-बढ़ेडा तीन स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (ईस्टर्न पार्ट) को बतौर महिला मतदान केंद्र स्थापित किया है।
इसके अलावा 44-ऊना में मतदान केंद्र नंबर सात ऊना-दो स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र के साइंस ब्लॉक तथा मतदान केंद्र नंबर नौ ऊना-चार स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला गलुआ तथा 45-कुटलैहड निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र नम्बर 16 नायली ऊपरली-एक स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंगाणा (नॉर्थ पार्ट) एवं मतदान केंद्र-17 नायली ऊपरली-दो स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंगाणा (साउदर्न पार्ट) को भी बतौर महिला मतदान केंद्र स्थापित किया गया है।