घर पर लेंटर डालने की चल रही थी तैयारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत ग्राम पंचायत कुठेड़ा खैरला में एक 17 वर्षीय लड़के की सीढि़यों से नीचे गिरने पर मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब आठ बजे रमन कुमार पुत्र अशोक कुमार के घर पर लेंटर डालने की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान रमन अचानक सीढ़ी से नीचे गिर गया और अचेत हो गया। हादसे के तुरंत बाद परिजन उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंब ले गए। जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता अशोक कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वे मेहनत-मजदूरी का काम करते हैं और सुबह घर में निर्माण कार्य की तैयारी के दौरान यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी ऊना अमित यादव ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने पिता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।