चिंतपूर्णी (ऊना)। शारदीय नवरात्र के दौरान इस बार मंदिर न्यास को चढ़ावे के रूप में 77 लाख, 58 हजार, 888 रुपये नकदी के रूप में प्राप्त हुए हैं। जबकि पिछली बार यह आंकड़ा 66 लाख 61 हजार, 815 रुपये रहा था। पिछले साल की तुलना में शारदीय नवरात्र मेला के दौरान 12 लाख 97 हजार 73 रुपये की चढ़ावे में वृद्धि दर्ज की गई है।
इस बार भक्तों ने माता चिंतपूर्णी के दरबार में दिल खोल कर पैसा चढ़ाया है। इसके अतिरिक्त विदेशी मुद्राओं में 738 यूरो और डॉलर प्राप्त हुए हैं। मंदिर अधिकारी अवनीश शर्मा ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार शारदीय नवरात्र मेले के चढ़ावे में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं के लिए मंदिर प्रशासन गंभीरता से प्रयासरत है। इसके अलावा आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं को और भी बेहतर सुविधाएं मंदिर न्यास प्रदान करेगा। भीड़ के दौरान श्रद्धालुओं को घंटों लाइनों में खड़े रह कर बारी की प्रतीक्षा न करनी पड़े, इसके लिए समुचित प्रबंध करने के किए मंदिर प्रशासन प्रयासरत है।