अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। जिला स्तरीय पिपलू मेले में लगी पशु प्रदर्शनी में बीटन गांव के सर्वजीत सिंह की भैंस और घालूवाल की मीनू की देसी नसल की गाय अव्वल रही। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने दोनों विजेताओं को 11-11 हजार का नकद इनाम प्रदान किया।
दुधारू भैंस की श्रेणी में नादौन की अनुराधा की भैंस पहले स्थान पर रही, जबकि नादौन के ही नाजिर मोहम्मद की भैंस दूसरे तथा रमन कुमार की भैंस तीसरे स्थान पर रही। तीनों को क्रमश: 5100, 3100 व 2100 रुपये के नकद इनाम दिए गए। कट्टी (भैंस) की श्रेणी में टिक्कर के पंकज तथा पालकवाह के अजय कुमार की कट्डियां क्रमश: पहले व दूसरे स्थान पर रहने के लिए 5100 व 3100 रुपये का नकद इनाम दिया गया। दुधारू देसी गाय की श्रेणी में सलोह के राजेश और पिपलू के सुरेश कुमार की गाय पहले व दूसरे स्थान पर रही और इन दोनों को क्रमश: 5100 व 3100 रुपये का इनाम दिया गया।
देसी नसल की बछड़ी श्रेणी में शुभम की बछड़ी पहले स्थान पर रही तथा उन्हें 5100 रुपये का इनाम दिया गया। प्रतियोगिता में अजय कुमार की बकरी पहले नंबर पर रही तथा सैंसोवाल के विजय की बकरी दूसरे तथा मतोह के अर्जुन की बकरी तीसरे स्थान पर रही। इन्हें क्रमश: 1100, 700 और 500 रुपये का इनाम दिया गया। बकरे की श्रेणी में अजय कुमार ने बकरे ने पहला, विजय कुमार के बकरे ने दूसरे तथा रजनीता के बकरे ने तीसरा स्थान मिला और इन्हें भी क्रमश: 1100, 700 व 500 रुपये का इनाम प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ मुर्गों की श्रेणी में सुरिंदर कुमार के मुर्गों ने पहला और दूसरा तथा मुख्तयारो देवी के मुर्गे ने तीसरे स्थान पाया।
इसके अलावा 1100 रुपये के 11 सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ. सतीश वर्मा, सेवानिवृत्त उप निदेशक डॉ. केएल गुप्ता व डॉ. नरेश जसवाल निर्णायक मंडल में शामिल रहे। इस अवसर पर उप निदेशक पशुपालन डॉ. मनोज भारद्वाज, सहायक निदेशक डॉ. जय सिंह सेन, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतिंदर ठाकुर सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।