गगरेट (ऊना)। प्रतिदिन बढ़ रहे वाहनों से गगरेट बाजार में जाम लगना अब आम बात हो गई है। गगरेट बाजार अभी भी संकरा है, परंतु वाहनों की आवाजाही में दिन-दोगुनी रात चौगनी तरक्की हो गई है। बढ़ते ट्रैफिक के कारण पुलिस के लिए ये सबसे बड़ा सरदर्द बन कर सामने आता है। समय के साथ-साथ अनेक प्रयोग पुलिस द्वारा किए गए लेकिन जाम की समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती गई। अब गगरेट पुलिस ने बढ़ते जाम को रोकने के लिए नया प्रयोग करने जा रही है। गगरेट बाजार में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए अब पुलिस ने गगरेट बाजार में दिन के समय बजरी-रेत ढोने वाले टिपरों पर सुबह आठ से शाम के आठ बजे तक बाजार में घुसने पर प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस के अनुसार अब उन्हें दिन के समय वैकल्पिक मार्गों से जाना होगा। वैकल्पिक मार्ग जैसे कलोह टेड़ा राह से शिवबाड़ी, शिवबाड़ी से अंबोटा, अंबोटा से आशा देवी और होशियारपुर मार्ग से भी बड़ोह के लिए वाया पांबड़ा वैकल्पिक मार्ग हैं। उन्हें इन रास्तों से अपने गंतव्य स्थान पर जाना होगा। पुलिस के इस प्रयोग से गगरेट बाजार में कुछ हद तक तो निजात मिलेगी लेकिन बाजार में सामान उतारने व गाड़ियां खाली करने वाले व्यावसायियों को कौन रोकेगा। वहीं, निजी बस चालक व बेतरतीब खड़े दोपहिया वाहन भी बाजार में जाम का मुख्य कारण बनते हैं। पड़ोसी राज्य पंजाब से हिमाचल में आने का गगरेट भी एक मुख्य प्रवेश द्वार है। प्रतिदिन यहां से सैकड़ों निजी वाहन गुजरते हैं। बहरहाल गगरेट पुलिस जाम से निजात दिलवाने के लिए जो प्रयोग कर रही है, वह भी एक सराहनीय कदम है।
चिह्नित स्थानों पर खड़े होंगे पुलिस कर्मी : सुशील
वहीं, पुलिस थाना गगरेट के प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि गगरेट पुलिस द्वारा एक पुलिस कर्मी चिह्नित स्थानों पर खड़ा किया जाएगा और टिपरों को बाजार में जाने से रोका जाएगा। टिपरों के लिए ये प्रतिबंध सुबह आठ से शाम आठ बजे तक रहेगा।