उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया सम्मानित
बोले- शिक्षा के क्षेत्र में नई परंपरा की हुई शुरुआत
संवाद न्यूज एजेंसी
हरोली/ऊना। हरोली विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने लिए प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड का भव्य शुभारंभ हुआ। अवॉर्ड समारोह 2025 का प्रथम संस्करण पालकवाह ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने 10वीं और 12वीं की हिमाचल बोर्ड परीक्षाओं में हरोली विधानसभा क्षेत्र से संबंधित पांच स्टेट टॉपर के साथ दोनों परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले कुल 152 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिह्न और नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। यह अवार्ड दिवंगत प्रख्यात शिक्षाविद प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृति में आरंभ किया गया है। प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री की बीमा पॉलिसियों और अन्य स्रोतों से प्राप्त राशि से स्थापित प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन के पास पांच करोड़ की निधि है। इसे हरोली क्षेत्र के विद्यार्थियों की शिक्षा, छात्रवृत्ति और कॅरिअर निर्माण के लिए खर्च किया जाएगा। फाउंडेशन की ओर से डॉ. आस्था अग्निहोत्री ने कहा कि प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री का जीवन शिक्षा, सेवा और संघर्ष की त्रिवेणी था। यह पुरस्कार समारोह उनके सपनों को मूर्त रूप देने की दिशा में एक छोटा लेकिन सशक्त कदम है। उन्होंने बताया कि यह सम्मान समारोह अब प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाएगा।
बाक्स
डीसी ने किया मार्गदर्शन
समारोह में उपायुक्त जतिन लाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने बच्चों से अपने जीवन के अनुभव साझा करने के साथ यूपीएससी के लिए तैयारी की अप्रोच, रणनीति और प्लानिंग को लेकर टिप्स दिए। उन्होंने चुनौतियों को ही जीवन की असली पाठशाला बताते हुए बच्चों को लक्ष्य तय कर पूरी मेहनत करने की सीख दी।