चंबा। चुवाड़ी पुलिस ने अवैध शराब की खेप को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस दौरान पुलिस ने एककार से 45 पेटी अवैध शराब बरामद की है। हालांकि चालक पुलिस को देखकर मौके से भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने वाहन और शराब को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। इसके साथ ही फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
चुवाड़ी थाना की पुलिस टीम मंगलवार सुबह के समय भलेरा के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान चुवाड़ी की तरफ से गाड़ी आ रही थी। अचानक चालक ने गश्त पर जा रही पुलिस को देख गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी के पास जाकर देखा तो वहां से चालक गायब था। गाड़ी की तलाशी करने पर 45 पेटी अवैध शराब की बरामद हुई। इसे अंधेरे में ठिकाने लगाया जा रहा था।
लेकिन पुलिस की मुस्तैदी की वजह से शराब ठिकाने लगने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गई। पुलिस को गाड़ी के डैश बोर्ड में एक लाइसेंस भी बरामद हुआ है। इसके आधार पर पुलिस ने चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस फरार चालक को तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस ने गाड़ी और शराब की खेप को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि भलेरा के पास पुलिस ने अवैध शराब पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।