भरवाईं (ऊना)।
चिंतपूर्णी थाना के तहत थनिकपुरा में पेड़ से लटककर आत्महत्या करने की गुत्थी सुलझ गई है। युवक की आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो गया है। परिजनों के पुलिस को दिए बयानों में कहा गया है कि सुरेंद्र ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक सुरेंद्र के परिजनों ने बताया कि उनके बेटे का एक लड़की के साथ प्रेम था और लड़का-लड़की दोनों आपस में शादी करना चाहते थे। हालांकि लड़की के परिवार वाले बार-बार शादी से इंकार कर रहे थे।
सुरेंद्र ने आईटीआई की हुई थी और वह कालाअंब में एक उद्योग में कार्यरत था। वह उनके घर में अकेला ही चिराग था जिसकी दो बहनें हैं। उन्होंने बताया कि जब लड़की ने अपने परिवार वालों के कहने पर लड़के से शादी से इंकार कर दिया तो लड़के का दिल टूट गया और उसने आत्महत्या का मन बना लिया। परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र ने आत्महत्या से पहले बहन को मोबाइल पर मेसेज कर कहा कि उसे अब अपनी जिंदगी प्यारी नहीं है।
अगर उसका प्यार उसका ही नहीं हुआ तो वे जीकर क्या करेगा। इसके बाद उनके भाई के नंबर पर फोन नहीं लगा। बता दें कि युवक ने थनिकपुरा के पास पेड़ से लटककर अपनी इहलीला समाप्त कर ली थी। डीएसपी अंब अजय राणा ने बताया कि पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।