गगरेट (ऊना)। सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को उठाने और विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा देने के लिए जिलाधीश राकेश प्रजापति की टीच ऊना योजना को धरातल पर उतारने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इस योजना की शुरुआत सरकारी स्कूल समूरकलां से होगी।
योजना को फिलहाल ट्रायल के लिए समूरकलां में चलाया जाएगा। अगर स्कूल में योजना का सफल रही तो इस योजना को पूरे जिला के हर शिक्षा खंड के एक-एक स्कूल में शुरू किया जाएगा। इसके बाद उस स्कूल के बुनियादी ढांचे को ठीक करने के लिए 20 लाख से 30 लाख रुपये तक पैसों का प्रावधान किया जाएगा। इस फंड से स्कूल के भवन से लेकर कंप्यूटर कक्षाएं भी खोली जाएंगी। साथ ही चयनित स्कूलों में योजना के तहत स्मार्ट क्लासरूम भी उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना से जहां एक तरफ सरकारी स्कूलों में सुधार होगा वहीं ये निजी स्कूलों को भी कड़ी टक्कर देंगे।
उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि टीच योजना की शुरूआत प्राथमिक स्कूलों के मूलभूत ढांचे को मजबूत करने और शिक्षा के स्तर को उठाने के लिए उठाया एक कदम है। उपायुक्त ने कहा कि मैं स्वयं सरकारी स्कूल में शिक्षा ग्रहण करके आया हूँ। मेरा मानना है कि जब तक प्राथमिक स्कूल का बुनियादी ढांचा सही नहीं होता, तब तक शिक्षा अधूरी है। इसलिए टीच ऊना योजना को शुरू किया जा रहा है।