नगर के बाजार में चौपहिया मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने को लेकर संतोषगढ़ नगर दो गुटों में बंट गया है। पुलिस के नए ट्रैफिक प्लान को लेकर कारोबारियों तनातनी शुरू हो गई है। पुलिस के नए ट्रैफिक प्लान से बाजार के दुकानदारों में जहां खुशी का माहौल है तो कुछ दुकानदार अभी भी इस नई यातायात व्यवस्था में सुधार करने की मांग कर रहे हैं। व्यापार मंडल के कुछ सदस्यों सहित कुछ दुकानदारों ने शनिवार शाम को नगर परिषद की प्रधान अमरावती, उपप्रधान गुरदेव सिंह, पार्षद व्यासा देवी, रवि कांत वस्सी, मोनिका कौशल को ज्ञापन दिया कि बाजार में चौपहिया मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगने के समय और स्थान को बदला जाए अन्यथा इस व्यवस्था का विरोध किया जाएगा।
वहीं दुकानदारों और नगरवासियों में शिव कुमार, मोहित, अश्वनी चब्बा, विवेक कुमार, सतीश कौशल, सरवण कुमार, नरेन्द्र सिंह, सोम नाथ, पवन कुमार, अमृत लाल, शाम लाल, हरीश कुमार, राजेश कुमार, राकेश, हर्ष अग्निहोत्री, सतीश कुमार, रणजीत, सुदर्शन, रमन, जसविंद्र, प्रेम कुमार, सुभाष तथा विजय आदि का कहना है कि प्रशासन की ओर से लागू नई ट्रैफिक व्यवस्था से दुकानदारों और नगरवासियों को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के व्यक्तिगत हित को लेकर पूरे नगर और दुकानदारों के हित में लिए गए फैसले का विरोध किया जा रहा है जो तर्कसंगत नहीं है।
एसपी दिवाकर शर्मा का कहना है कि नई यातायात व्यवस्था को लागू करने से पहले उन्होंने खुद बाजार में जाकर लोगों के सुझाव लिए थे। उन्हीं सुझावों के आधार पर व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि लोगों को नई ट्रैफिक व्यवस्था के बारे में जागरूक किया जा रहा है।