भरवाईं (ऊना)। मां श्री चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन, मंदिर प्रशासन और चिंतपूर्णी पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान मंदिर भवन और आसपास के क्षेत्रों में भीख मांगते हुए करीब 13 बच्चों को रेस्क्यू किया गया। अभियान का नेतृत्व चाइल्ड हेल्पलाइन की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रीना कुमारी, केस वर्कर वरदान तथा थाना प्रभारी जयराम शर्मा की अगुवाई में किया गया। टीम ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में घूमकर बच्चों को सुरक्षित रूप से एकत्रित किया।
मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि मंदिर परिसर के आसपास कई छोटे बच्चे श्रद्धालुओं से पैसे मांगते हुए देखे जाते हैं। इनमें कुछ बच्चों की उम्र दस वर्ष से भी कम है। उन्होंने कहा कि मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है, जिसके चलते बच्चों के गिरने या किसी हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि भीख मांगने के कारण ये बच्चे शिक्षा से भी वंचित हो रहे हैं, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है। बच्चों की सुरक्षा और बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित किया गया था, जिसके बाद यह विशेष अभियान चलाया गया।
रीना कुमारी ने बताया कि रेस्क्यू किए गए बच्चों को ऊना ले जाकर उनके अभिभावकों से बातचीत की जाएगी। साथ ही उन्हें जागरूक किया जाएगा कि बच्चों को भीख मांगने के बजाय स्कूल भेजें ताकि उनका भविष्य सुरक्षित बन सके। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भी इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि छोटे बच्चों को शिक्षा और सुरक्षित वातावरण मिलना बेहद जरूरी है तथा ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं।