दौलतपुर चौक (ऊना)। दिल्ली से अंब अंदौरा तक चलने वाली हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन का रविवार सुबह साढ़े नौ बजे दौलतपुर चौक स्टेशन तक ट्रायल किया गया। ट्रैक का उद्घाटन केंद्रीय रेल राज्य मंत्री मनोज सिंहा 15 जनवरी को करेंगे।
इस अवसर पर उनके साथ पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, चिंतपूर्णी विधायक बलवीर चौधरी एवं गगरेट विधायक राजेश ठाकुर के अलावा रेलवे विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहेंगे। अंब रेलवे स्टेशन पर रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा सुबह 10 बजे दौलतपुर एवं चिंतपूर्णी मार्ग रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करने के साथ-साथ नए फुट ओवर ब्रिज, नए प्लेटफॉर्म और अंब अंदौरा दौलतपुर चौक रेल सेक्शन के विद्युतीकरण का शिलान्यास भी करेंगे।
इस अवसर पर रेल राज्य मंत्री चिंतपूर्णी मार्ग कुनेरण रेलवे स्टेशन और दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। उधर अंबाला डिवीजन रेलवे बोर्ड सदस्य एवं भाजपा नेता सुशील कालिया ने बताया कि 15 जनवरी को दौलतपुर चौक स्टेशन तक ट्रेन पहुंचा कर सांसद अनुराग ठाकुर विकास की एक नई इबारत लिख देंगे। चिंतपूर्णी के विधायक बलबीर सिंह और गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर ने अंब से दौलतपुर चौक तक ट्रेन पहुंचना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवमयी पल बताय।