ऊना। हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर संघ ने 2003 से पहले अनुबंध पर नियुक्त लेक्चररों को पेंशन देने और शिक्षा विभाग में लंबित पेंशन के मामलों को शीघ्र हल करने की मांग की है।
लेक्चरर संघ के प्रदेश प्रधान केसर सिंह ठाकुर, महासचिव संजीव ठाकुर, प्रांतीय प्रेस सचिव राजन शर्मा, जिला प्रधान लोकेंद्र नेगी, संजीव पराशर, दीप खन्ना, सुशील पुंडीर, नरेश ठाकुर, राज्य कानूनी सलाहकार जीवन मोदगिल, चेयरमैन विनोद बनियाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अश्विनी कुमार ने संयुक्त बयान में कहा कि विभाग में 15 मार्च, 2003 से पहले अनुबंध पर नियुक्त लेक्चररों के पेंशन के मामले को जो 2003 के बाद समय-समय पर नियमित हुए हैं, सरकार की स्वीकृति के लिए 24 मार्च, 2017 को भेजे थे। अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सरकार की स्वीकृति के लिए इन मामलों में 742 लेक्चरर 42 डीपी और तीन कोच शामिल हैं। पिछली सरकार के समय से मामला सरकार के पास विचाराधीन है।
लेक्चरर संघ के प्रदेश प्रधान केसर सिंह ठाकुर ने सरकार से मांग की कि इस विषय में शीघ्र उचित कार्रवाई की जाए। सुप्रीम कोर्ट की ओर से कर्मचारियों के हित में किए पेंशन संबंधी निर्णय को शीघ्र लागू किया जाए। लेक्चरर संघ के प्रांतीय प्रेस सचिव राजन शर्मा ने बताया कि लेक्चरर संघ का प्रतिनिधिमंडल फिर इस विषय में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री, शिक्षा निदेशक एवं शिक्षा सचिव को ज्ञापन सौंपेगा।