ऊना। हरोली विधानसभा क्षेत्र में पहली सितंबर से 20 करोड़ की सिंचाई स्कीमों पर काम शुरू हो जाएगा। इन सब स्कीमों के टेंडर कर दिए गए हैं। इसके अलावा करीब 19 करोड़ की स्कीमें फंडिंग के लिए नाबार्ड को भेजी गईं हैं। यह जानकारी उद्योग मंत्री अग्निहोत्री ने मंगलवार को सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में दी। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार सालों के दौरान हरोली विधान सभा क्षेत्र को पेयजल व सिंचाई योजनाओं के लिए 110 करोड़ रुपये मिले हैं। इन सभी योजनाओं के काम अब पूर्ण होकर क्रियान्वयन के चरण में हैं। उन्होंने कहा कि जिन 20 करोड़ की योजनाओं के टेंडर करके पहली सितंबर से काम शुरू होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि लोअर रोड़ा, लोअर धर्मपुर, लोअर नंगलखुर्द, लोअर कांटे, बढ़ेड़ा, लबाणा, ईसपुर मोहल्ला बाती और बीटन के सात गांवों के लिए लगभग डेढ़ करोड़ की लागत से बनने वाले पेयजल संवर्धन योजना के पांच टैंकों, राईजिंग मेन और पंपिंग मशीनरी के लिए टेंडर कर दिए गए हैं और 15 अगस्त तक इन पर काम शुरू हो जाएगा। पहली सितंबर से ढिलवां, कुठारबीत, पोलियां, बेलना, पूबोवाल, नंगलकलां और भदसाली के मोहल्ला भूलगढ़ के ढाई करोड़ की लागत से बनने वाले सात सिंचाई नलकूपों के साथ-साथ ढाई करोड़ की लागत से ही पंडोगा मोहल्ला बासियां, पंडोगा ग्रां, पंडोगा 38 नंबर, पंडोगा 40 नंबर, ईसपुर 42 नंबर, ईसपुर मोहल्ला जोल और पंजावर 26 नंबर, सिंचाई नलकूप का काम भी पहली सितंबर से शुरू हो जाएगा। उद्योग मंत्री ने बताया कि बाथू के मोरबड़ी मोहल्ला के लिए 50 लाख की सिंचाई योजना, भदसाली के मोहल्ला हार के लिए 50 लाख की सिंचाई योजना, पंजावर के मोहल्ला गुजरेड़ा के लिए 50 लाख की सिंचाई योजना और गांव डीटा में 20 लाख के वाटर टैंक का काम भी पहली सितंबर से शुरू किया जा रहा है।
बैठक में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता एनएम सैनी ने उद्योग मंत्री को बताया कि गत 23 जून को केंद्रीय जल आयोग शिमला के निदेशक अनंत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आई एक उच्च स्तरीय टीम ने फील्ड में जाकर 44 करोड़ लागत की बीत क्षेत्र सिंचाई योजना के कार्य को देखा और किसानों से भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि इस टीम में इस प्रोजेक्ट के कार्य की गति पर न केवल संतोष व्यक्त किया बल्कि अब तक हुए कार्य को भी सराहा। उन्होंने बताया कि यह सिंचाई योजना अपने निर्माण के अंतिम चरण में है और अगले महीने इसे पूर्ण कर लिया जाएगा।