भरवाईं (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर में शनिवार को श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी। शनिवार को करीब 12 हजार श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में शीश नवाया और विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से शुरू हुआ श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के चलते दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। दोपहर तक कतारें पुराने बस अड्डे के आसपास पहुंच गईं। माता रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को करीब दो घंटे तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। वे माता के जयकारे लगाते हुए कतारबद्ध होकर मंदिर की ओर बढ़ते रहे।
शनिवार को हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार पहुंचे। कई श्रद्धालु परिवार सहित दर्शन के लिए आए थे, जबकि कुछ पैदल यात्रा करते हुए माता के जयकारे लगाकर मंदिर पहुंचे। माता की पावन पिंडी के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेका और सुख-शांति व खुशहाली के लिए प्रार्थना की। चिंतपूर्णी बाजार और मंदिर मार्ग पर भी चहल-पहल रही।
मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि शनिवार को करीब 12 हजार श्रद्धालुओं ने माता चिंतपूर्णी के दरबार में शीश नवाया।