टकारला में जंगल की तरफ से आ रही एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी से पकड़ी गई लकड़ी।स्रोत विभाग
बडूही (ऊना)। वन विभाग अंब खंड की टीम ने खैर की लकड़ी से लदी एक पिकअप गाड़ी को पकड़ा है।
मंगलवार को वन खंड अधिकारी अंब संजीव कुमार और उनकी टीम ने गश्त के दौरान सुबह करीब 11:10 बजे गांव टकारला (साधा वाला चो) में जंगल की तरफ से आ रही एक पिकअप को निरीक्षण के लिए रोका।
जांच के दौरान गाड़ी से अवैध रूप से काटे गए खैर के 12 मोछे और एक जड़ बरामद हुई। चालक के पास इस लकड़ी के परिवहन की वन विभाग द्वारा जारी कोई वैध अनुमति नहीं थी।
मौके पर ही गाड़ी और अवैध लकड़ी को जब्त कर लिया गया। पकड़े गए आरोपी चालक की पहचान प्रेम कुमार पुत्र योगराज, निवासी लोअर भंजाल तहसील घनारी, जिला ऊना के रूप में हुई है। वन विभाग की शिकायत पर पुलिस थाना अंब में आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम और बीएनएस की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम घटनास्थल और आसपास के सरकारी वन क्षेत्रों (भैरा बीट व अन्य) का सघन निरीक्षण और पैमाइश करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद की गई खैर की लकड़ी किसी सरकारी भूमि से तो नहीं काटी गई है।
वन विभाग के आरओ राहुल ठाकुर ने स्थानीय जनता से अपील करता है कि पेड़ों की अवैध कटाई, तस्करी या वन संपदा को नुकसान पहुंचाने जैसी कोई भी घटनाआती है तो तुरंत इसकी सूचना वन विभाग या स्थानीय पुलिस को दें।