अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। जिले के योजना क्षेत्रों में अवैध भवनों के निर्माण को लेकर प्रशासन कड़ी कार्रवाई करने के मूड में है। उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने अवैध भवनों के बिजली और पानी के कनेक्शन काटने के आदेश दिए हैं।
ये आदेश उन्होंने नगर नियोजन विभाग की जिला स्तरीय बैठक में दिए। बैठक में सहायक नगर योजनाकार पंकज शर्मा ने अवैध निर्माण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनवरी 2018 से जनवरी 2019 अवधि में जिला के योजना क्षेत्रों में 84 अनधिकृत निर्माण हुए। इनमें से 20 को नियमित कर दिया गया। 17 मामलों पर विचार किया जा रहा है। जिले में अवैध भवन निर्माण के 47 मामलों में विभाग ने टीसीपी एक्ट के सेक्शन 39 के तहत नोटिस जारी किए हैं।
इस पर उपायुक्त ने अधिकारियों को 15 दिन के अंदर इन भवनों के बिजली-पानी के कनेक्शन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगली बैठक से विभाग कार्रवाई कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक में एडीसी अरिंदम चौधरी, एएसपी विनोद कुमार धीमान, एसडीएम ऊना सुरेश जसवाल, एसडीएम हरोली गौरव चौधरी, डीएफओ ऊना यशुदीप सिंह, नगर नियोजन व अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हुए।