नेशनल हैंडबाल स्पर्धा में दीपिका शर्मा चमकी
बेहतर प्रदर्शन से किया जिले का नाम रोशन
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। शहर की दीपिका शर्मा ने महाराष्ट्र के सोलापुर में हुई वरिष्ठ राष्ट्रीय हैंडबाल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया है। हिमाचल की टीम फाइनल में जम्मू रेलवे की टीम से हारकर उपविजेता रही।
हिमाचल प्रदेश हैंडबाल टीम में जिला ऊना से दीपिका शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। ऊना शहर की दीपिका शर्मा ने अपने बेहतरीन खेल से सबको आश्चर्य चकित किया। गरीब परिवार से संबंध रखने वाली दीपिका शर्मा के पिता शशि पाल ऊना में ही हेयर ड्रेस की दुकान करते हैं। बेटी के प्रदर्शन से पिता खुश हैं। बता दें कि सोलापुर में हुई सीनियर राष्ट्रीय महिला हैंडबाल प्रतियोगिता में देशभर की टीमों ने हिस्सा लिया। दीपिका शर्मा ने राष्ट्रीय मुकाबले में उपविजेता स्थान प्राप्त करने पर खुशी जताई है। उन्होंने उपलब्धि का श्रेय माता-पिता को दिया है। इस साधारण परिवार की बेटी दीपिका शर्मा ने विपरीत परिस्थितियों में आगे बढ़ कर यह साबित किया है कि कुछ करने की लगन हो तो आगे बढ़ा जा सकता है। बेटी की ऐसी प्रतिभाओं से जिला ही नहीं देश में चल रही बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ मुहिम को बल मिलेगा और बेटियों में आगे बढ़ने की प्रेरणा आएगी। इसके साथ-साथ हमारे समाज में बेटियों से जो भेदभाव किया जा रहा है, उस पर भी लगाम लगेगी।