गर्मियां शुरू होते ही नलकों से पानी गायब
तलमेहड़ा-डीहर पंचायत में गहराया पेयजल संकट, एक हफ्ते से सप्लाई ठप
पानी की किल्लत से ग्रामीणों को पेश आ रही दिक्कत
अमर उजाला ब्यूरो
जोल (ऊना)।
गर्मियों के साथ ही उपमंडल बंगाणा की तलमेहड़ा और डीहर पंचायत में पानी की किल्लत शुरू हो गई है। दोनों पंचायतों में पेयजल सप्लाई की किल्लत के चलते ग्रामीणों को पीने के पानी के परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मियों का मौसम शुरू होते ही क्षेत्र में पेयजल सप्लाई की किल्लत शुरू हो गई। आईपीएच विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। डीहर पंचायत के प्रधान बलदेव सिंह ने बताया कि लगभग पिछले एक सप्ताह से पेयजल सप्लाई नहीं आ रही है। पेयजल सप्लाई ठप होने से लोगों को पीने के पानी के साथ-साथ पशुओं को भी पानी पिलाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि तलमेहडा और डीहर की पेयजल स्कीम के तहत लगभग डेढ़ दर्जन गांव आते हैं। स्कीम के तहत तलमेहड़ा, बडोआ, भलखू, दुघिहार, वही, रौंणखर, सरनोटी, खैरियां, डीहर, खडोह, राजपुरा, चंबोआ, चडोली आदि गांवों के लोगों को पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। स्थानीय लोगों में सुखदेव शर्मा, बीडीसी सदस्य अशोक शर्मा, पवन शर्मा, विनोद शर्मा, डॉ. मदन लाल शर्मा, उपप्रधान डीहर रघुवीर सिंह, राजेंद्र ठाकुर, मनोज डोगरा, चिरंजी लाल, नवीन शर्मा, अशोक कुमार, शंकर दास, अमरचंद का कहना है कि सर्दियों में तीसरे दिन पानी आता था लेकिन गर्मियों का मौसम शुरू होते ही नलकों से पानी गायब हो गया है। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से जल्द से जल्द पेयजल समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
आईपीएच विभाग बंगाणा के सहायक अभियंता वीवी गुप्ता का कहना है कि मामला उनके ध्यान में है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लोगों को पेयजल समस्या से निजात दिलाई जाएगी।